Source: Bhaskar network | Last Updated 02:43(29/08/10)
जयपुर. पर्यावरण मापदंडों पर खरा नहीं उतरने के कारण प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से सांगानेरी प्रिंटिंग इकाइयों को बंद करने के नोटिस पर अब अमेरिका, इंग्लैंड में भी चिंता महसूस की जा रही है।
इन देशों में रहने वाले कई राजस्थानी प्रदेश की शान माने जाने वाले जयपुर के इस उद्योग पर आए संकट से आहत हैं। इन प्रवासियों ने सरकार से इस मामले में हल निकालने की गुजारिश की है। इधर प्रदूषण नियंत्रण मंडल का कहना है कि संचालकों की ओर से तय अवधि में ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का शपथ पत्र दिए जाने के बाद इस मामले में विकल्प तलाशे जाएंगे। भास्कर में शनिवार को प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से 750 इकाइयों को नोटिस जारी होने की खबर पर दिनभर हडकंप मचा रहा।
न्यूयॉर्क में रहने वाली जयपुर की रुचि अग्रवाल ने बताया कि प्रिंट उद्योग को महज ट्रीटमेंट प्लांट का हवाला देकर बंद करने जैसा फैसला उचित नहीं हैं। क्यों नहीं सरकार ट्रीटमेंट प्लांट तैयार करवा ले और संचालकों को अन्य नॉर्म्स के पालन के लिए पाबंद कर दे। वे इस मामले पर राज्य सरकार को भी पत्र लिख रही हैं। यहीं की हीना अग्रवाल का कहना है कि छपाई की इन यूनिटों के कारण जयपुर की देश विदेश में पहचान है और प्रदूषण न फैलने को लेकर सरकार को पॉलिसी बनानी चाहिए।
इधर सांगानेर रंगाई छपाई से जुड़े संचालकों ने राज्य सरकार के समक्ष शपथ पत्र देकर यथासंभव जल्द ट्रीटमेंट प्लांट तैयार करने का प्रस्ताव देने की योजना बनाई है। एसोसिएशन के महासचिव राजेंद्र जींदगर का कहना है कि इस मामले में वे सामूहिक बैठक कर सोमवार को प्रदूषण नियंत्रक मंडल के सामने अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार के एक तरफा फैसले से उद्योग से जुड़े लोगों में जबर्दस्त नाराजगी है।
फैक्ट्री संचालक शपथ पत्र देकर सरकार को विश्वास दिलाते हैं तो विकल्प के बारे में सोचा जा सकता है। यदि सरकार को उचित लगा तो समय सीमा दी जा सकती है। इन्हें कोर्ट और मंडल के नियमों को हर हाल में फॉलो करना होगा जिससे पर्यावरण को नुकसान नहीं हो। - डी.एन. पांडेय, मेंबर सेक्रेट्री, प्रदूषण नियंत्रण मंडल
सरकार ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई तो लाखों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। पर्यावरण के लिए क्षेत्रवासी भी चिंतित हैं और ट्रीटमेंट प्लांट लगाने के प्रयास जारी हैं। सरकार को तुरंत प्रभाव से नोटिस वापस लेने चाहिए। वरना जयपुर की पहचान खत्म हो जाएगी। - घनश्याम तिवाड़ी, सांगानेर विधायक
No comments:
Post a Comment